मुख्य समाचार

सेंट्रल जीएसटी ने 75 लाख रुपये के रेडीमेड कपड़ों को किया जब्त 

पटना। सेंट्रल जीएसटी की टीम ने बिना टैक्स भुगतान के करीब 75 लाख रुपये के रेडीमेड कपड़ों को जब्त किया है। कपड़े पश्चिम बंगाल से मंगाए गए थे। सेंट्रल जीएसटी कमिश्नर पटना-1 के अधीन टीम ने खुफिया जानकारी पर कार्रवाई की और नौ ट्रकों पर लदे सामान को जब्त किया। जब्त कपड़ों में जिंस, बेबी शूट, फ्राॅक, स्कर्ट एवं अन्य कपड़े हैं।

सेंट्रल जीएसटी से मिली जानकारी के अनुसार मंगाए गए सामान पर जीएसटी जमा नहीं किया गया। साथ में ई-वे बिल और इनवॉइस भी नहीं था। जांच में ट्रांसपोर्टर और सामान पाने वालों ने स्वीकार किया है कि उन्हें सामान सही कागजात और बिना टैक्स भुगतान किए भेजा गया है। 

त्योहार को देखते हुए कई कारोबारी बिना टैक्स भुगतान किए सामान मंगा रहे हैं। जांच में देखा गया है कि सामान के परिवहन के दौरान इनवॉइस और ई-वे बिल नहीं है। ऐसी स्थिति में कारोबारियों को टैक्स और फाइन की बड़ी राशि जमा करनी होती है।

बिहार विधान सभा चुनाव के मद्देनजर निर्वाचन आयोग के निर्देश पर राज्य में कई इंटेलिजेंस टीम कार्यरत है। स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं भयमुक्त चुनाव कराने के लिए कड़ी नजर रखी जा रही है। हर गोदाम, वेयरहाउस एवं वाहनों की लगातार जांच हो रही है। 
 


संबंधित खबरें