गया/पटना। सेंट्रल जीएसटी की टीम ने बिना जीएसटी भुगतान एवं ई-वे बिल के सामान लदे सात ट्रकों को डोभी चेकपोस्ट के समीप जब्त किया है। इनमें छह ट्रकों में टीएमटी बार एवं एक में रेडीमेड कपड़े हैं। कार्रवाई गया डिवीजन के अधिकारियों ने की है। सामान दुर्गापुर एवं कोलकाता से मंगाए गए थे। इनकी सप्लाई बिहार एवं यूपी में की जानी थी।
सेंट्रल जीएसटी पटना-1 के आयुक्त यशोधन वनगे ने बताया कि सभी सामान की कीमत करीब 45 लाख रुपये है। जीएसटी भुगतान एवं ई-वे बिल नहीं होने के कारण 13.26 लाख पेनाल्टी लगाई गई और इसकी वसूली भी तत्काल कर ली गई। उन्होंने कहा कि सामान परिवहन के लिए ई-वे बिल का होना अनिवार्य है। ऐसा नहीं होने पर कारोबारियों को टैक्स के साथ फाइन भी जमा करना होगा।
20 अक्टूबर को टीम ने पटना के जीरोमाइल के समीप करीब 75 लाख रुपये के रेडीमेड कपड़ों को जब्त किया था। बिहार विधान सभा चुनाव के मद्देनजर निर्वाचन आयोग के निर्देश पर राज्य में कई इंटेलिजेंस टीम कार्यरत हैं। ऐसी स्थिति में सही कागजात नहीं होने पर बड़ा आर्थिक नुकसान हो सकता है।