नई दिल्ली/पटना। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने वित्तीय वर्ष 2019-20 के लिए आयकर रिटर्न फाइल करने की अंतिम तारीख फिर बढ़ा दी है। व्यक्तिगत करदाताओं के लिए रिटर्न फाइल करने की समय-सीमा एक माह बढ़ाकर 31 दिसंबर, 2020 कर दी गई है। इससे पहले रिटर्न फाइल करने की अंतिम तिथि 30 नवंबर थी।
जिन करदाताओं के रिटर्न में ऑडिट की जरूरत है, उनके लिए रिटर्न फाइल करने की समय-सीमा दो महीने बढ़ाकर 31 जनवरी, 2021 की गई है। सीबीडीटी ने कहा है कि कोविड-19 संक्रमण के कारण करदाताओं की परेशानी को देखते हुए रिटर्न फाइल करने की अंतिम तारीख फिर से बढ़ाई गई है।
इससे पहले 13 मई को रिटर्न फाइल करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई से बढ़ाकर 30 नवंबर एवं टैक्स ऑडिट रिपोर्ट देने की तिथि 30 सितंबर से बढ़ाकर 31 अक्टूबर की गई थी। विवाद से विश्वास योजना का लाभ भी टैक्स पेयर्स बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के 31 दिसंबर 2020 तक ले सकते हैं।
बिहार चैंबर ऑफ काॅमर्स ने कोरोना काल में रिटर्न फाइल करने की तारीख बढ़ाने की मांग की थी। चैंबर ने अगस्त माह में इस संबंध में केंद्रीय वित्त मंत्री एवं सीबीडीटी के चेयरमैन को पत्र लिखा था। पत्र में कहा गया था कि बिहार में कोरोना के बढ़ते केस एवं कई जिलों में बाढ़ के कारण सभी तरह के आवश्यक कागजात को एकत्रित करना कठिन हो रहा है। ऐसी स्थिति में समय पर रिटर्न फाइल करना असंभव प्रतीत होता है ।