पटना। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मुंगेर के डीएम राजेश मीणा और एसपी लिपि सिंह को हटा दिया गया है। उनकी जगह सहकारिता विभाग में निबंधक रचना पाटिल को डीएम और एसटीएफ में एसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो को मुंगेर का एसपी बनाया गया है।
निर्वाचन आयोग ने मुंगेर घटना की जांच का निर्देश मगध प्रमंडल के आयुक्त असंगबा चुबा आओ को दिया है। उन्हें एक सप्ताह में पूरी रिपोर्ट सौंपनी है। राजेश मीणा को सामान्य प्रशासन विभाग एवं लिपि सिंह को पुलिस मुख्यालय में योगदान का निर्देश मिला है।
मुंगेर में 26 अक्टूबर को प्रतिमा विसर्जन के दौरान फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई थी। उसके बाद से शहर की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही थी। गुरुवार को आक्रोशित लोग प्रशासन के खिलाफ सड़क पर आ गए। पुलिस वाहनों में आग लगा दी और पथराव किया।