मुख्य समाचार

सीईओ ने राज्यपाल को सौंपी निर्वाचित विधायकों की सूची 

पटना। बिहार विधानसभा के निर्वाचित विधायकों की सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) एच.आर.श्रीनिवास ने राज्यपाल फागू चौहान को सौंप दी। इसके साथ ही सरकार गठन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इस मौके पर अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी बाला मुरूगन डी, गोपाल मीणा एवं रंजीता समेत निर्वाचन आयोग के अधिकारी मौजूद थे। 

विधानसभा चुनाव 2020 एवं वाल्मीकिनगर लोकसभा उपचुनाव के परिणाम संबंधित सभी प्रक्रिया पूरी हो गई। इसके बाद निर्वाचन आयोग ने राज्य से आदर्श आचार संहिता को तत्काल प्रभाव से हटाने का निर्देश दिया है। बिहार में आदर्श आचार संहिता 25 सितंबर से लागू थी।  

विधानसभा की 243 सीटों के लिए चुनाव तीन चरणों में 28 अक्टूबर, तीन एवं सात नवंबर को संपन्न हुआ। परिणाम 10 नवंबर को घोषित किए गए। चुनाव नतीजों में एनडीए को 125, महागठबंधन को 110, एआईएमआईएम को 5, लोजपा, बसपा एवं निर्दलीय को 1-1 सीटें मिली हैं। 

एनडीए में शामिल बीजेपी को 74, जदयू को 43, हम एवं वीआईपी को 4-4 सीट पर सफलता मिली है। महागठबंधन के घटक दल आरजेडी को 75, कांग्रेस को 19, सीपीआईएमएल को 12, सीपीआईएम एवं सीपीआई को 2-2 सीटें प्राप्त हुई हैं। 
 


संबंधित खबरें