मुख्य समाचार

पूर्व राज्यपाल मृदुला सिन्हा का निधन, पीएम व सीएम ने व्यक्त किया शोक

पटना/नई दिल्ली। गोवा की पूर्व राज्यपाल एवं मुजफ्फरपुर निवासी मृदुला सिन्हा (77 वर्ष) का निधन बुधवार को दिल्ली में हो गया। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शोक व्यक्त किया है।  

प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा कि मृदुला सिन्हा जी को सार्वजनिक सेवा के प्रति उनके प्रयासों के लिए याद किया जाएगा। वह एक कुशल लेखिका भी थीं, जिन्होंने साहित्य के साथ संस्कृति की दुनिया में भी व्यापक योगदान दिया। उनके निधन से बहुत दुखी हूं। उनके परिवार और स्वजनों के प्रति संवेदना। ओम शांति।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने शोक संदेश में कहा है कि मृदुला सिन्हा प्रख्यात लेखिका एवं कुशल प्रशासक थीं। उन्होंने विभिन्न विषयों पर दर्जनों पुस्तकों की रचना की। वे जेपी आंदोलन से भी सक्रिय रूप से जुड़ी रहीं। गोवा के राज्यपाल के रूप में उनका कार्यकाल अविस्मरणीय रहा। उनके निधन से सामाजिक, राजनीतिक एवं साहित्य जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने आत्मा की चिर शांति एवं परिजनों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की है। 

पूर्व डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने ट्वीट में कहा कि गोवा की पूर्व राज्यपाल, साहित्यकार एवं भाजपा की वरिष्ठ नेत्री मृदुला सिन्हा के निधन का समाचार सुन कर अत्यंत दुःख हुआ। पांच दिन पहले उनसे लंबी बात हुई थी। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।


संबंधित खबरें