पटना सिटी। गुरुनानक देवजी का पावन प्रकाश उत्सव 28 से 30 नवंबर तक मनाया जाएगा। उत्सव को लेकर तख्तश्री हरिमंदिर, पटना साहिब एवं गुरु का बाग गुरुद्वारा में तैयार चल रही है। 24 से 28 नवंबर तक प्रभात फेरी (नगर कीर्तन) निकालने का कार्यक्रम है। इस दौरान श्रद्धालुओं का जत्था शहर के विभिन्न मुहल्लों में शब्द कीर्तन करते हुए तख्त साहिब लौटेगा। इसमें साधुसंगत, महिलाएं एवं बच्चे भी शामिल होंगे। 25 नवंबर को प्रभात फेरी गायघाट गुरुद्धारा होते हुए हांडी साहिब गुरुद्धारा, दानापुर पहुंचेगी।
बड़ी प्रभातफेरी 28 नवंबर को पंज प्यारे की अगुवाई में तख्त साहिब से सुबह चार बजे बैंड बाजे के साथ निकलेगी। प्रभातफेरी अशोक राजपथ, चमडोरिया, हाजीगंज, पुलपुर, मोर्चा रोड, स्टेशन रोड, नई सड़क और चौक होते हुए तख्त साहिब लौटेगी। प्रभात फेरी के संयोजक दर्शन सिंह, तेजिंदर सिंह, प्रेम सिंह, रंजीत सिंह एवं इंद्रजीत सिंह बग्गा ने बताया कि जरूरत होने पर नगर कीर्तन कार्यक्रम में परिवर्तन भी किया जा सकता है।