मुख्य समाचार

जनता ने फिर से मौका दिया है, विकास कार्य को और आगे बढ़ाएंगे   

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार की जनता ने काम करने का फिर से मौका दिया है। काम करते हुए विकास को और आगे बढ़ाएंगे। विधानमंडल परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि सदन में कुछ बातें मेरे बारे में कही गयीं। इस पर संसदीय कार्य मंत्री ने जवाब दिया। उसके बाद भी अमर्यादित तरीके से बातें कही गयीं। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सबको मेरे बारे में अच्छी तरह पता है। इस तरह की बात का कोई मतलब नहीं। किसी के बारे में इस तरह से असत्य बात कही जाए। यह शोभनीय नहीं है। सदन की एक मर्यादा है। इस तरह से बातों को रखना अच्छा नहीं लगता है। वर्ष 2015 में हम उनके साथ थे। कुछ केस हुआ, जिसके बारे में हमने एक्सप्लेन करने को कहा और हम उनसे अलग हो गये। आगे भाजपा के सहयोग से सरकार बनायी। हमने उनसे कहा था कि आप चुनाव में जाएंगे और आप पर चार्ज लगेगा, तो एक्सप्लेन करना पड़ेगा। 

एनडीए सरकार को अस्थिर करने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जेल से फोन कर मंत्री बनाये जाने का प्रलोभन दिया जा रहा है। बहुमत के लिए 122 का आंकड़ा चाहिए। एनडीए के पास 125 का आंकड़ा है। निर्दलीय का भी समर्थन है। एनडीए में कुछ भी इधर-उधर नहीं होगा। चुनाव नतीजे सबके सामने है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव के दौरान हमने मजाक में जनसंख्या नियंत्रण को लेकर कुछ बात कही थी। अब उनकी बातों से लगता है खुद वे अपने बारे में ऐसा सोचते हैं। हमने उनको कितना समर्थन दिया है। मेरे बारे में जो कहना है कहें, लेकिन सदन में अच्छा व्यवहार रखें। जनसंख्या नियंत्रण के लिए हमलोग कई कदम उठा रहे हैं। सभी ग्राम पंचायत में हाई स्कूल खोले जा रहे हैं ताकि लड़कियां 12वीं तक की पढ़ाई कर सके। लड़का और लड़की सबको सम्मान देना है। 


संबंधित खबरें