मुख्य समाचार

बिहार का जीएसटी संग्रह पिछले साल से 12 फीसदी गिरा

नई दिल्ली। बिहार का जीएसटी संग्रह नवंबर 2020 में 970 करोड़ रुपये रहा। यह राशि नवंबर 2019 की तुलना में 12 फीसदी कम है। नवंबर 2019 में राजस्व संग्रह 1107 करोड़ रुपये था। कम संग्रह की वजह बिहार विधानसभा चुनाव बताया जा रहा है। 

देश में नवंबर 2020 में 1,04,963 करोड़ रुपये जीएसटी संग्रह हुआ। इसमें सीजीएसटी 19,189 करोड़, एसजीएसटी 25,540 करोड़, आईजीएसटी 51,992 करोड़ और उपकर 8,242 करोड़ रुपये शामिल है। 30 नवंबर 2020 तक दाखिल जीएसटीआर-3 बी रिटर्न  की कुल संख्या 82 लाख है। नवंबर 2020 का राजस्व पिछले साल के इस महीने से 1.4 प्रतिशत अधिक है। 

नवंबर 2019 की तुलना में पड़ोसी राज्य झारखंड ने नवंबर 2020 में 11 प्रतिशत की बढ़त हासिल करते हुए 1907 करोड़ रुपये का संग्रह किया है। पश्चिम बंगाल एवं ओडिसा ने आठ-आठ फीसदी वृद्धि दर्ज की है। उत्तरप्रदेश के राजस्व संग्रह में तीन फीसदी की कमी आई है। 

नाॅर्थ इस्ट के अधिकतर राज्यों ने बेहतर प्रदर्शन किया है। अरुणाचल प्रदेश ने जहां 68, वहीं सिक्किम ने 42 प्रतिशत की छलांग लगाई है। दिल्ली सरकार का संग्रह 3413 करोड़ हुआ है। यह नवंबर 2019 से 15 फीसदी कम है। गुजरात, तमिलनाडु एवं आंध्रपदेश की उपलब्धि अच्छी रही है। महाराष्ट्र, कर्नाटक एवं तेलंगाना की वृद्धि दर नकारात्मक रही है।     
 


संबंधित खबरें