मुख्य समाचार

राज्यसभा उपचुनाव में निर्विरोध चुने गए सुशील मोदी

पटना। राज्यसभा उपचुनाव में पूर्व डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। निर्वाची पदाधिकारी सह प्रमंडलीय आयुक्त संजय कुमार अग्रवाल ने बिहार विधानसभा कक्ष में प्रेक्षक रवि मनु भाई परमार की उपस्थिति में उन्हें प्रमाणपत्र दिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद एवं रेणु देवी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल एवं कई जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। 

राज्यसभा उपचुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी सुशील कुमार मोदी एवं निर्दलीय प्रत्याशी श्याम नंदन प्रसाद ने नामांकन किया था। श्याम नंदन प्रसाद के नामांकन पत्र में एक भी प्रस्तावक का नाम नहीं होने के कारण उनका नामांकन अवैध पाया गया। 

सुशील मोदी लोकसभा, विधानसभा और विधान परिषद के बाद अब राज्यसभा सदस्य बन गए हैं। निर्विरोध निर्वाचन के बाद सुशील मोदी ने अपनी पार्टी, विपक्ष एवं सभी का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को विशेष तौर पर धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने नामांकन और प्रमाणपत्र लेने के दौरान उपस्थित होकर मेरा हौसला बढ़ाया। 

उन्होंने कहा कि राज्यसभा में वे बिहार के मुद्दों को प्रमुखता से उठायेंगे। साथ ही केंद्र सरकार और उसके विभिन्न मंत्रालयों से बिहार को अधिक से अधिक मदद दिलाने की कोशिश करते रहेंगे। 

 


संबंधित खबरें