पटना। महावीर मंदिर में राम-जानकी विवाह का भव्य आयोजन किया गया । कोविड-19 निर्देशों के तहत श्रद्धालुओं ने विवाह का भरपूर आनंद लिया। मिथिला से आयी सीता-राम विवाह मंडली ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। राम के रूप में आसिक राज एवं सीता के रूप में अतुल कुमार ने भाग लिया। । दशरथ की भूमिका में शिवचंद्र चौधरी थे।
कार्यक्रम का आरंभ श्रीगणेश वंदना से हुआ । जयमाला का प्रदर्शन इतना आकर्षक था कि सभी दर्शकों की आंखें राम-जानकी की ओर खींची-खींची रह गईं । बारातियों को हास्य भरी गालियां भी सुनाई गयी। बीच-बीच में हास्यमय रूपक का भी आयोजन होता रहा।
एक दर्जन से अधिक कलाकारों की मंडली ने जयमाल, बारात आगमन, दूल्हा परीक्षण, तिलक, कन्या निरीक्षण, सिंदूर दान एवं कोहवर जैसे कार्यक्रमों का विभिन्न गीतों से सुरुचिपूर्ण प्रदर्शन किया। महावीर मंदिर के भवनाथ झा ने बताया कि 20 दिसंबर (रविवार) को दोपहर दो बजे से शाम सात बजे तक राम-कलेवा एवं विदाई का आयोजन किया जाएगा।
आज के कार्यक्रम का संचालन विपिन कुमार ठाकुर ने किया। व्यास चंदनाथ चौधरी एवं सहायक ललित चौधरी ने रामचरितमानस के गायन से सबको मंत्रमुग्ध कर दिया । देवेंद्र चौधरी, रामशंकर चौधरी, रवीन्द्र चौधरी एवं चन्द्रेश्वर चौधरी ने उनकी संगत करते हुए रामचरित मानस का गायन किया। महावीर मंदिर के तबला वादक निरालाजी एवं श्रीधरजी ने विभिन्न वाद्ययंत्रों पर संगत किया ।