नई दिल्ली। ब्रिटेन में मिले कोरोना वायरस के नए स्वरूप सार्स सीईओवी-2 से 20 लोग संक्रमित हो गए हैं। इनमें पहले संक्रमित छह लोग भी शामिल हैं। 29 दिसंबर तक 107 नमूनों की छह प्रयोगशालाओं में जांच की गई। इनमें 20 मरीज की पुष्टि हुई है।
केंद्र सरकार स्थिति पर गंभीरता से निगरानी रखते हुए राज्यों को नियमित परामर्श जारी कर रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय से सिफारिश की है कि ब्रिटेन से भारत आने वाली उड़ानों के अस्थायी निलंबन को 7 जनवरी, 2021 तक और बढ़ाया जाए। यह सिफारिश नेशनल टास्क फोर्स से प्राप्त इनपुट के आधार पर की गई है।
नए वायरस को देखते हुए भारत सरकार ने इसके जिनोम सीक्वेंसिंग के लिए इंसाकॉग (भारतीय सार्स सीओवी-2 जिनोमिक्स कंसोर्टियम) का गठन किया है। इसमें विशिष्ट प्रयोगशालाएं (एनआईबीएमजी कोलकाता, आईएलएस भुवनेश्वर, एनआईवी पुणे, सीसीएस पुणे, सीसीएमबी हैदराबाद, सीडीएफडी हैदराबाद, इनस्टेम बेंगलुरु, निम्हान्स बेंगलुरु, आईजीआईबी दिल्ली और एनसीडीसी दिल्ली शामिल हैं।