पटना। सूबे में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से व्यावसायिक एवं औद्योगिक संगठन चिंतित है। मुख्यमंत्री, डिप्टी सीएम, डीजीपी, मुख्य एवं गृह सचिव को पत्र लिख सुरक्षा की गुहार लगाई है। बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष महेश जालान का कहना है कि आपराधिक घटनाओं से भयभीत होकर राज्य के कारोबारियों ने ई-मेल भेज कर अपना विरोध जताया है।
ई-मेल भेजने वालों में बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, पटना कार्ड डीलर्स एसोसिएशन, हथुआ मार्केट व्यवसायी समिति, टूरिज्म एसोसिएशन ऑफ बिहार, पटना स्कूटर ट्रेडर्स एसोसिएशन, बिहार गारमेंट एसोसिएशन, पाटलिपुत्र सर्राफा संघ एवं होलसेल क्लॉथ मर्चेंट एसोसिएशन शामिल हैं। बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की अगुवाई में गोपालगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स, छपरा, रोसड़ा एवं बेगूसराय चैंबर ऑफ कॉमर्स ने भी ई-मेल भेजा है।
बिहार प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच के सहयोग से पटना ईस्ट, मधुबनी, हसनपुर रोड, कटिहार जागृति शाखा एवं बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन के नेतृत्व में बेगूसराय, खगड़िया, रक्सौल, छपरा, हसनपुर रोड, भागलपुर, सीतामढ़ी और दरभंगा शाखाओं ने भी सुरक्षा की गुहार लगाई है।
बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स के उपाध्यक्ष मुकेश जैन और पाटलिपुत्र सर्राफा संघ के अध्यक्ष विनोद कुमार के नेतृत्व में सभी संगठनों के प्रतिनिधियों को मिलाकर संयुक्त अभियान समिति का गठन किया जाएगा।