पटना। कोरोना वैक्सीन की पहली खेप विमान से पटना पहुंच गई। वैक्सीन को पटना एयरपोर्ट से एनएमसीएच भेजा गया है। यहीं से पूरे बिहार में इसकी सप्लाई होगी। इस तरह 16 जनवरी से कोरोना टीकाकरण अभियान शुरू हो जाएगा।
पटना जिला में टीकाकरण के लिए 16 जगहों का चयन किया गया है। इनमें पीएमसीएच, एनएमसीएच, आईजीआईएमएस, रुबन हॉस्पिटल, पारस हॉस्पिटल, अपोलो बिग हॉस्पिटल, बख्तियारपुर पीएचसी, बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल, बिहटा पीएचसी, दानापुर अनुमंडल अस्पताल, धनरूआ पीएचसी, फतुहा पीएचसी, मनेर पीएचसी, मसौढ़ी अनुमंडल अस्पताल, जीजीएस पटना सिटी एवं फुलवारी शरीफ पीएचसी शामिल हैं।
डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में कोविड टीकाकरण के सफल संचालन के लिए जिला टास्क फोर्स की बैठक हुई। बैठक में बताया गया कि पहले चरण में हेल्थ केयर वर्कर को वैक्सीन दिया जाएगा। इसके लिए कुल 38,295 वर्कर की सूची तैयार की गई है। इनमें 21,899 सरकारी सेक्टर एवं 16,396 प्राइवेट सेक्टर के वर्कर हैं। दूसरे चरण में फ्रंटलाइन वर्कर को टीका मिलेगा। पहले डोज के 28 दिन के बाद दूसरा डोज दिया जाएगा। दूसरे डोज के 14 दिन बाद इम्यूनिटी विकसित होगी।