नई दिल्ली/पटना। महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती (23 जनवरी) पर राष्ट्र ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। राष्ट्रपति भवन में नेताजी के चित्र का अनावरण राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने किया। इसके साथ नेताजी की 125वीं जयंती वर्ष मनाने के लिए एक साल तक चलने वाले उत्सवों की शुरुआत हो गई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि महान स्वतंत्रता सेनानी और भारत माता के सच्चे सपूत नेताजी सुभाष चंद्र बोस को उनकी जयंती पर शत-शत नमन। कृतज्ञ राष्ट्र देश की आजादी के लिए उनके त्याग और समर्पण को सदा याद रखेगा।
बिहार के राज्यपाल फागू चौहान ने राजभवन में आयोजित एक कार्यक्रम में नेताजी की तस्वीर पर माल्यार्पण कर अपना सादर नमन निवेदित किया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक अणे मार्ग में नेताजी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें शत्-शत् नमन किया।