मुख्य समाचार

बीआईए ने बजट को बताया लोक कल्याणकारी 

पटना। आम बजट को बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (बीआईए) ने लोक कल्याणकारी बजट बताया है। एसोसिएशन के अध्यक्ष राम लाल खेतान ने कहा कि भले ही बजट में बिहार के लिए अलग से कोई घोषणा नहीं की गयी है, लेकिन इस बजट को संतुलित बजट के रूप में देखा जा सकता है। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम प्रक्षेत्र के उद्योगों के लिए निर्धारित बजट आकार को दोगुना किया गया है। इससे रोजगार के नये अवसर सृजित होंगे।

एसोसिएशन के उपाध्यक्ष संजय भरतिया ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि कोविड महामारी के मद्देनजर आशंका थी कि सरकार नये कर लगाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। सरकार ने स्वास्थ्य सेवा में भारत को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लिया है। यह सराहनीय है। स्वास्थ्य बजट में पिछले वर्ष की तुलना में 137 प्रतिशत वृद्धि किया गया है। शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर करने का प्रावधान दूरदर्शी है। 

कोषाध्यक्ष सुजय सौरभ ने कहा कि जल-जीवन मिशन के तहत कार्यरत कंपनी के लिए कंपनी एक्ट में राहत देने का प्रावधान बजट में किया गया है। इससे स्टार्टअप कंपनी तथा सूक्ष्म एवं लघु क्षेत्र की इकाईयों को काफी राहत मिलेगी।   

एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष केपीएस केशरी ने सस्ते आवास योजना में कर छूट को एक वर्ष के लिए और बढ़ाये जाने की घोषणा का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि इससे हाउसिंग सेक्टर पर निर्भर उद्योगों को भी फायदा पहुंचेगा। बजट में विकास बैंक एवं कृषि आधारित आधारभूत संरचना को मजबूत करने की घोषणा भी सराहनीय है।   
 


संबंधित खबरें