मुख्य समाचार

बिहार में निवेश बढ़ाना एवं रोजगार सृजन हमारी प्राथमिकता : शाहनवाज  

पटना। सूबे के उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा कि राज्य में निवेश बढ़ाना और युवाओं के लिए रोजगार सृजन हमारी प्राथमिकता होगी। देश के बड़े निवेशकों से मिल बिहार में उद्योग लगाने का आग्रह करूंगा। निवेश करने वालों को किसी तरह की असुविधा नहीं होगी। उद्योग मंत्री कार्यभार संभालने के बाद प्रेस प्रतिनिधियों को संबोधित कर रहे थे। 

शाहनवाज हुसैन ने कहा कि हमारी कोशिश होगी कि बिहारवासियों को रोजगार के लिए बाहर नहीं जाना पड़े। औद्योगिक विकास के लिए आधारभूत संरचना तैयार है। जमीन की उपलब्धता संबंधित समस्या है। इसका भी समाधान कर लिया जाएगा।  

इधर, सूबे के औद्योगिक एवं व्यावसायिक संगठनों ने उद्योग मंत्री से मिल उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी। बिहार उद्योग संघ, बिहार चैंबर ऑफ काॅमर्स एंड इंडस्ट्री, लाइटिंग मैन्युफैक्चरिंग डेवलपमेंट सोसाइटी समेत कई संगठनों ने कहा कि आपके नेतृत्व में राज्य में औद्योगिकरण की गति तेज होगीे।  

बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज - अध्यक्ष पीके अग्रवाल ने कहा कि उद्योग मंत्री के पूर्व के कार्यों को देखकर राज्य के उद्यमियों में एक नई ऊर्जा का संचार हुआ है। राज्य में रोजगार सृजन के लिए आवश्यक है कि स्टील, ऑटोमोबाइल, अल्युमिनियम एवं पेट्रोकेमिकल जैसे बड़े उद्योग लगें। उद्योग मंत्री ने चैंबर प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया है कि शीघ्र राज्य के उद्यमियों से सीधी वार्ता का आयोजन होगा। प्रतिनिधिमंडल में एनके ठाकुर, विशाल टेकरीवाल, रामाशंकर प्रसाद एवं आलोक पोद्दार शामिल थे ।

बिहार उद्योग संघ - अध्यक्ष राम लाल खेतान ने बताया कि संघ की ओर से राज्य की औद्योगिक स्थिति की संक्षिप्त जानकारी उद्योग मंत्री को दी गयी। उद्योग मंत्री ने भी कहा कि राज्य का औद्योगिक विकास सरकार की प्राथमिकता है। सरकार की प्राथमिकता औद्योगिकरण के माध्यम से राज्य में रोजगार के नये एवं स्थायी अवसर सृजित करना है। इससे राज्य की श्रम शक्ति का उपयोग राज्य के विकास में हो सकेगा। उन्होंने बीआईए को राज्य के औद्योगिक विकास के लिए अपने सुझाव देने का अनुरोध किया। प्रतिनिधिमंडल में सुधीर चंद्र अग्रवाल, आशीष रोहतगी एवं मनीष कुमार तिवारी शामिल थे।

लाइटिंग मैन्युफैक्चरिंग डेवलपमेंट सोसाइटी - अध्यक्ष रंजीत कुमार जायसवाल ने उद्योग मंत्री का ध्यान पटना सिटी के एलईडी बल्ब उद्योग की ओर आकृष्ट कराया। अध्यक्ष ने कहा कि भारत सरकार के संवेग सहयोग कार्यक्रम के जरिए पटना सिटी के एलईडी बल्ब एवं भागलपुर के वस्त्र क्लस्टर का चयन नवंबर 2018 में किया गया था। दो वर्ष से अधिक समय के बावजूद विकास की गति ठप है।    
 


संबंधित खबरें