मुख्य समाचार

शराब के अवैध धंधेबाजों पर कार्रवाई का ब्योरा जारी करने का निर्देश             

पटना। शराब का अवैध कारोबार करने वालों पर की गई कार्रवाई का ब्योरा प्रसारित करने का निर्देश मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिया है। उन्होंने कहा कि इससे गड़बड़ी करने वालों में भय पैदा होगा। अगर किसी व्यक्ति के खिलाफ शिकायत आ रही है और छापेमारी में गड़बड़ी नहीं मिल रही है, तो ऐसे मामलों में विशेष रूप से जांच करने की जरूरत है। 2017 में बिजली के खंभों पर टेलीफोन नंबर दर्ज किया गया था ताकि स्थानीय लोग गड़बड़ी की सूचना दे सकें। मुख्यमंत्री मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। 

उन्होंने निर्देश दिया कि शराबबंदी के पहले शराब का कारोबार करने वाले अभी क्या कर रहे हैं। इसकी जानकारी एकत्रित करें। लोगों को जीविकोपार्जन योजना का अधिक से अधिक लाभ मिलना चाहिए। सीमावर्ती इलाकों में सघन जांच और गड़बड़ी मिलने पर स्थानीय प्रशासन पर भी कार्रवाई करें। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिसकर्मियों ने शराब का सेवन नहीं करने की शपथ ली है। इसलिए कोई पुलिसकर्मी शराब पीते पकड़े जाएं, तो उन्हें तत्काल डिसमिस करें। सभी चौकीदारों को स्थानीय स्तर पर एक-एक चीज की जानकारी होती है। इसलिए गड़बड़ी मिलने पर ऐसे चौकीदारों पर भी सख्त कार्रवाई करें। 

मद्य निषेध सह उत्पाद आयुक्त बी.कार्तिकेय धनजी एवं आईजी, मद्य निषेध अमृत राज ने विभागीय उपलब्धि एवं कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री सुनील कुमार, मुख्य सचिव दीपक कुमार, अपर मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार, सचिव मनीष कुमार वर्मा एवं अनुपम कुमार समेत कई वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
 


संबंधित खबरें