मुख्य समाचार

मिठाई, नमकीन एवं स्नैक्स बनाने के तरीकों को करें अपग्रेड : एफएसएनएम

पटना। फेडरेशन ऑफ स्वीट्स एंड नमकीन मैन्यूफैक्चरर्स (एफएसएनएम) ने पटना के व्यवसायियों को सुझाव दिया है कि वे मिठाई, नमकीन एवं स्नैक्स बनाने के पुराने तरीकों को अपग्रेड करें। फेडरेशन का कहना है कि नई-नई तकनीक आ गयी है। इसके माध्यम से खाद्य पदार्थों को पैक करके अधिक दिनों तक रखा जा सकता है। इस काम में नई पीढ़ी के लोगों को भी लगाएं। ऐसा करने से आप स्थानीय स्तर पर बिक्री करने के साथ इसे बाहर भी भेज सकते हैं।

एफएसएनएम देश में मिठाई, नमकीन एवं स्नैक्स निर्माताओं की शीर्ष संस्था है। फेडरेशन ने बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज परिसर में इस कारोबार से जुड़े पटना के व्यवसायियों के साथ बैठक की।

फेडरेशन के डायरेक्टर फिरोज हैदर नकवी एवं हल्दीराम ग्रुप के डायरेक्टर सुशील जैन ने कहा कि यदि आप समय के साथ नहीं चलेंगे, तो आनेवाले समय में दो-चार विदेशी कंपनियां मिठाई उद्योग को अपने हाथ में ले लेंगी। उन्होंने यहां के कारोबारियों को गुजरात, हैदराबाद एवं राजस्थान में नई-नई तकनीक से बन रहीं मिठाइयां एवं नमकीन फैक्ट्री देखने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने टेस्टिंग के लिए स्थानीय स्तर पर लैब बनाने एवं मिठाई बनाने के हुनर को विकसित करने के लिए एक प्रशिक्षण केंद्र खोलने का भी सुझाव दिया ।

बैठक में पटना के लड्डू गोपाल स्वीट्स, कोजी स्वीट्स, डेजी स्वीट्स, गोकुल, सोडा फाउंटेन, स्वीट होम, बीकानेर स्वीट्स, जलपान, हरिलाल, चेरी स्वीट्स, प्रमोद लड्डू भंडार, हीरा एवं कामधेनु स्वीट्स के प्रतिनिधि शामिल हुए ।

बिहार चैंबर ऑफ काॅमर्स के उपाध्यक्ष मुकेश कुमार जैन ने कहा कि पटना में मिठाई, नमकीन, एवं स्नैक्स निर्माताओं की पहली बैठक हुई है। फेडेरेशन ने स्थानीय व्यवसायियों की परेशानियों को दूर करने के लिए कई सुझाव दिए हैं। चैंबर के महामंत्री अमित मुखर्जी एवं वरीय सदस्य व्यास मुनि ओझा भी मौजूद थे।

 


संबंधित खबरें