मुख्य समाचार

पटना, राजगीर व मुजफ्फरपुर के लिए इलेक्ट्रिक बसों का परिचालन शुरू 

पटना। इलेक्ट्रिक एवं अन्य बसों को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। लग्जरी, सेमी डीलक्स एवं डीलक्स समेत 70 बसों की आज शुरुआत की गई। इन बसों का परिचालन पटना से राज्य के सभी 38 जिलों के लिए किया जाएगा। मुख्यमंत्री के साथ दोनों डिप्टी सीएम एवं मंत्री ने बस से विधानसभा तक की यात्रा की। 

राज्य में इलेक्ट्रिक बसों का परिचालन एक नई पहल है। लोगों को ईंधन की बचत के साथ प्रदूषण रहित परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इन आधुनिक बसों का परिचालन राजगीर, मुजफ्फरपुर एवं पटना नगर बस सेवा के लिए विभिन्न मार्गों पर किया जायेगा। यात्रियों की सुविधाओं के लिए मोबाइल पास एवं प्रीपेड ट्रेवल कार्ड जैसी सुविधाएं शुरू की गई हैं। 

इलेक्ट्रिक बस पूरी तरह प्रदूषण मुक्त, एसी एवं सीसीटीवी कैमरायुक्त है। बस में इमरजेंसी बटन, अलार्म बेल एवं मोबाइल चार्ज करने की सुविधा है। इनके अलावा पब्लिक एनाउंसमेंट सिस्टम, डिस्प्ले, ई-टिकट एवं जीपीएस के माध्यम से व्हेकिल ट्रैकिंग की भी सुविधा दी गई है। 

इस मौके पर परिवहन विभाग की विभिन्न योजनाओं का उद्घाट्न एवं शिलान्यास भी किया। गया, जहानाबाद, बक्सर एवं मधेपुरा में आधुनिक जिला परिवहन कार्यालय सह सुविधा केंद्रों का भी शुभारंभ किया गया। 

पटना जिले के बिहटा एवं सिकंदरपुर में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय अत्याधुनिक इंस्पेक्शन एंड सर्टिफिकेशन सेंटर बना रहा है। सेंटर में सभी व्यावसायिक वाहनों की फिटनेस जांच अत्याधुनिक मशीनों से की जाएगी। वाहनों का फिटनेस प्रमाणपत्र भी जारी किया जाएगा। 

सेंटर के निर्माण के लिए बिहार सरकार ने बिहटा में तीन एकड़ जमीन उपलब्ध करायी है। राज्य के सभी जिलों में आधुनिक ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल की स्थापना के लिए पीपीपी माॅडल के तहत पहल की गई है। 

परिवहन विभाग के कार्यक्रम में डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद एवं रेणु देवी, परिवहन मंत्री शीला कुमारी, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव एवं सचिव, परिवहन सचिव संजय अग्रवाल, राज्य परिवहन आयुक्त सीमा त्रिपाठी एवं अन्य वरीय अधिकारी मौजूद थे।
 


संबंधित खबरें