पटना। राज्यपाल कोटे से मनोनीत 12 विधान परिषद सदस्यों को कार्यकारी सभापति अवधेश नारायण सिंह ने शपथ दिलाई। इनमें छह जदयू एवं छह बीजेपी से हैं। मनोनीत सदस्यों में भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी और खनन एवं भूतत्व मंत्री जनक राम भी हैं। साथ ही उपेंद्र कुशवाहा, डाॅ रामवचन राय, संजय सिंह, ललन कुमार सर्राफ, प्रो राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, संजय गांधी, देवेश कुमार, डाॅ प्रमोद कुमार, घनश्याम ठाकुर एवं निवेदिता सिंह ने भी शपथ ली।
14 मार्च,2021 को पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने अपनी पार्टी राष्ट्रीय लोक समता (रालोसपा) का जनता दल यूनाइटेड (जदयू) में विलय करा दिया था। विलय के बाद उन्हें जदयू राष्ट्रीय संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष की जिम्मेवारी दी गई है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शपथ ग्रहण के बाद सभी नए सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा कि यह खुशी की बात है कि सभी सीटें भर गईं हैं। अब कोई जगह खाली नहीं है। विधानमंडल का बजट सत्र 24 मार्च तक चलेगा। सभी लोगों को अपनी भूमिका निभाने का मौका मिलेगा। इनमें कई पहले भी सदस्य रह चुके हैं।