मुख्य समाचार

बिहार में भी बने सुरक्षा विश्वविद्यालय : कैप्सी  

पटना। सेंट्रल एसोसिएशन ऑफ प्राइवेट सिक्योरिटी इंडस्ट्री (कैप्सी) ने गृह विभाग से राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय, गुजरात की तरह बिहार में भी विश्वविद्यालय स्थापित करने की अपील की है। कैप्सी बिहार के अध्यक्ष डीपी सिंह ने कहा कि सुरक्षा विश्वविद्यालय बनने से ग्रामीण युवकों को बेहतर प्रशिक्षण मिल सकेगा और उन्हें रोजगार पाने में सुविधा होगी। 

कैप्सी ने अपर मुख्य सचिव चैतन्य प्रसाद के साथ हुई बैठक में समय पर नए लाइसेंस जारी करने एवं पुराने लाइसेंस के नवीनीकरण में आ रही परेशानी को बताया। अपर मुख्य सचिव ने इस संबंध में सभी कार्य समय पर निपटारे का आदेश जारी किया। केंद्र सरकार की निजी सुरक्षा नियमावली 2020 की तरह बिहार में भी शीघ्र नियमावली बनाने एवं सुरक्षा गार्ड को टीका दिलाने में प्राथमिकता का भी आश्वासन मिला। 

बिहार में भी एक मानक स्तर की निजी सुरक्षा एजेंसी स्थापित करने की आवश्यकता पर चर्चा हुई। बिहार में करीब 450 सुरक्षा एजेंसी में 70,000 से अधिक गार्ड कार्यरत हैं। कैश का परिवहन भी स्वीकृत एजेंसी के जिम्मे है। बैठक में गृह विभाग के सचिव सेंथिल कुमार, कैप्सी के कार्यकारी निदेशक अरुण पांडे, कार्यकारी सम्मानित सदस्य कर्नल इसरत नबी एवं उपसचिव अभय राणा भी मौजूद थे। 
 


संबंधित खबरें