पटना। डॉक्टर एवं पारा मेडिकल स्टाफ के रिक्त पदों की नियमित नियुक्ति की प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने का निर्देश मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिया है। उन्होंने यह भी निर्देश दिया है कि वाक-इन-इंटरव्यू प्रक्रिया के माध्यम से हर जिले में आवश्यकतानुसार डॉक्टर एवं पारा मेडिकल स्टाफ के रिक्त पदों पर अस्थायी नियुक्ति भी की जाए।
सीएम के निर्देश पर आज एक उच्चस्तरीय बैठक हुई, जिसमें निर्णय लिया गया कि डॉक्टर एवं पारा मेडिकल स्टाफ के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जायेगी। बैठक में सीएम के प्रधान सचिव दीपक कुमार, स्वास्थ्य विभाग सह आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत, बिहार तकनीकी सेवा आयोग के अध्यक्ष अजय कुमार चौधरी एवं राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक मनोज कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।