पटना। पटना एवं मोतिहारी जिले के लोगों के लिए ऑनलाइन सब्जी खरीदने की सुविधा सहकारिता विभाग शुरू कर रहा है। सहकारिता विभाग की सचिव वंदना प्रेयसी ने समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बताया कि तरकारी मार्ट के माध्यम से पटना एवं पूर्वी चंपारण जिले के लोगों को ऑनलाइन सब्जी खरीदने की सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सब्जी का अच्छा उत्पादन हो रहा है। यहां के किसान सब्जी को राज्य के बाहर भारी मात्रा में भेजते हैं। को-ऑपरेटिव सोसायटी के माध्यम से ऑनलाइन सब्जी की उपलब्धता होने से लोगों को काफी सहूलियत होगी। कोरोना के इस दौर में घर बैठे ऑनलाइन सब्जी की खरीद होगी। मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी जिलों में इस व्यवस्था को शुरू करने का निर्देश सहकारिता विभाग को दिया।
इधर, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण और सहकारिता विभाग ने गेहूं खरीद के न्यूनतम समर्थन मूल्य, खरीद अवधि एवं लक्ष्य की जानकारी दी। प्रेजेंटेशन में बताया गया कि रैयत किसानों के लिए 150 क्विंटल, गैर रैयत किसानों के लिए 50 क्विंटल गेहूं खरीद की सीमा एवं गेहूं की कीमत 1975 रुपए प्रति क्विंटल रखी गई है।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में गेहूं का अच्छा उत्पादन हुआ है। इसे ध्यान में रखकर अधिक से अधिक गेहूं की खरीद करें। गेहूं खरीद की समय सीमा 31 मई 2021 और लक्ष्य सात लाख टन रखें। गेहूं की खरीद अधिक होने से किसानों को सही दाम मिल सकेगा।
सीएम ने कहा कि गेहूं खरीद की व्यवस्था पारदर्शी बनाने के लिए किसानों को किसी भी पैक्स या व्यापार मंडल में गेहूं बेचने की छूट होगी। बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार एवं चंचल कुमार मौजूद थे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह, सचिव विनय कुमार, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सचिव अनुपम कुमार जुड़े हुए थे।