पटना। उद्योग विभाग के निदेशक पंकज कुमार सिंह के असामयिक निधन पर बिहार उद्योग संघ (बीआईए) एवं बिहार एलईडी बल्ब क्लस्टर ने शोकसभा का आयोजन किया। श्रद्धांजलि सभा में बीआईए के सदस्यों ने पंकज सिंह के असामयिक निधन पर अपनी दुःख एवं संवेदना व्यक्त की। साथ ही उनके व्यक्तित्व एवं प्रशासनिक गुणों को भी याद किया।
बिहार एलईडी बल्ब क्लस्टर के अध्यक्ष आरके जायसवाल ने कहा कि उनका निधन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। 12 मार्च, २०२१ को एलईडी बल्ब क्लस्टर के लिए आयोजित राज्यस्तरीय बैठक में पंकज कुमार सिंह ने कहा था कि इस आधुनिक क्लस्टर को मैं देखना चाहता हूं। इस क्लस्टर में पहले ही बहुत देरी हो चुकी है। एलईडी बल्ब क्लस्टर के सदस्यों ने शोकसभा में कहा कि बल्ब क्लस्टर में उत्पादन होने वाले बल्ब का नाम पंकज ब्रांड के नाम से जाना जाएगा।
बीआईए की ओर से श्रद्धांजलि देने वालों में अध्यक्ष राम लाल खेतान, उपाध्यक्ष संजय भरतिया, महासचिव आशीष रोहतगी, कोषाध्यक्ष सुजय सौरभ, पूर्व अध्यक्ष अरुण अग्रवाल, पूर्व उपाध्यक्ष संजय गोयनका, जीपी सिंह, सुभाष पटवारी एवं निशीथ जायसवाल थे।