पटना। पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि राज्य एवं केंद्र सरकार के प्रयास से बिहार में रेमडेसिविर इंजेक्शन, ऑक्सीजन और अन्य आवश्यक दवाओं की आपूर्ति हो रही है। पिछले 10 दिनों में बिहार को जहां रेमडेसिविर के 50 हजार वायल मिले हैं, वहीं अगले 10 दिनों में एक लाख वायल और मिलेंगे।
इसके साथ ही पेट्रोलियम मंत्रालय राज्य के सभी नौ मेडिकल कॉलेजों में अगले तीन महीने में 18 करोड़ की लागत से ऑक्सीजन प्लांट लगा रहा है। प्लांट की क्षमता प्रति मिनट ढाई हजार लीटर ऑक्सीजन उत्पादन करने की होगी। साथ ही एनएचएआई राज्य के 15 अनुमंडल में प्रति मिनट 960 लीटर क्षमता का ऑक्सीजन प्लांट लगा रहा है। आईओसी ने ऑक्सीजन की ढुलाई के लिए बिहार को छह टैंकर उपलब्ध कराया है।
उन्होंने बताया कि कोविड के गंभीर मरीजों को विशेष परिस्थिति में दी जाने वाली विदेशों से आयातित काफी महंगी टोसिल्ली जुम्ब दवा की बिहार को अबतक 150 वायल मिल चुकी है। शीघ्र इसकी 120 वायल और मिलेगी। रेमडेसिविर की किल्लत के मद्देनजर भारत सरकार ने पहले ही उसके निर्यात पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के साथ रॉ मैटेरियल पर आयात शुल्क समाप्त कर कीमत में भी भारी कटौती कर दी थी।