पटना। बिहार उद्योग संघ (बीआईए) के ऑक्सीजन सिलिंडर बैंक की उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने सराहना की है। उन्होंने कहा कि आप उद्यमी के साथ समाजसेवी भी हैं। हमें उम्मीद है कि बीआईए और अधिक सिलिंडर की व्यवस्था करने के लिए अपना प्रयास जारी रखेगा। साथ ही कोविड की संभावित तीसरी लहर से बचाव की भी तैयारी में अपना योगदान देगा। उद्योग मंत्री बीआईए के ऑक्सीजन बैंक के वर्चुअल उद्घाटन के मौके पर कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
उद्योग मंत्री ने बताया कि महामारी के कारण ऑक्सीजन की बढ़ी मांग को पूरा करने के लिए उद्योग विभाग ने दिन-रात काम किया है। विभिन्न विभागों के साथ समन्वय कर हाॅस्पिटल सहित अन्य जगहों पर मेडिकल ऑक्सीजन की आपूर्ति की गई। लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन की राज्य में आवश्यकतानुसार आपूर्ति बनाये रखने के लिए भी तत्परता से काम किया गया।
उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव ब्रजेश मेहरोत्रा ने राज्य की ऑक्सीजन उत्पादन प्रोत्साहन नीति 2021 पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बिहार इस नीति को लाने वाला देश का पहला राज्य है। बीपीआईटी की बैठक में यह बताया गया कि इससे बेहतर नीति नहीं हो सकती है। यूपी समेत अन्य राज्य भी बिहार के अनुरूप ही नीति ला रहे हैं।
उद्योग मंत्री एवं अपर मुख्य सचिव ने बीआईए के उपाध्यक्ष संजय भरतिया के अपने ऑक्सीजन प्लांट से ऑक्सीजन उपलब्ध कराने की सराहना की। अध्यक्ष राम लाल खेतान ने कहा कि उद्योग मंत्री के प्रयास से हमें अहमदाबाद से 600 ऑक्सीजन सिलिंडर कम समय में प्राप्त करने में सफलता मिली। इनमें 450 सिलिंडर राज्य की विभिन्न जगहों पर भेजे गये हैं।
अध्यक्ष ने बताया कि ऑक्सीजन सिलिंडर बैंक की स्थापना का सुझाव पूर्व अध्यक्ष केपीएस केशरी का था। अभी 150 भरा हुआ मेडिकल ऑक्सीजन सिलिंडर है। इसे जरूरतमंद किसी भी व्यक्ति को बीआईए के किसी सदस्य की अनुशंसा पर या नियमानुसार उपलब्ध कराया जाएगा। उद्यमियों की ऑक्सीजन नीति से संबंधित प्रश्नों का जबाब उद्योग मंत्री एवं अपर मुख्य सचिव ने दिया। साथ ही उनके सुझावों पर विचार करने का आश्वासन दिया।