मुख्य समाचार

सात साल से बंद गंगोत्री ऑक्सीजन प्लांट से शुरू हुई रिफिलिंग  

पटना। बिहटा में सात साल से बंद गंगोत्री ऑक्सीजन प्लांट ने फिर से काम करना शुरू कर दिया है। प्लांट की क्षमता प्रतिदिन 800-1000 जंबो सिलिंडर्स रिफिलिंग की है। कोरोना महामारी से उत्पन्न गंभीर परिस्थिति में राज्य सरकार के उद्योग एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रयास से इस प्लांट को शुरू किया गया है।

ऑक्सीजन प्लांट के उद्घाटन के मौके पर उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, सांसद रामकृपाल यादव, एमएलसी नीरज कुमार, उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव ब्रजेश मेहरोत्रा एवं प्लांट के संचालक संजीव चौधरी मौजूद थे। कारोबार जगत से कमल नोपानी, गणेश खेमका, रामलाल खेतान एवं संजय भरतिया भी उपस्थित थे।  

गंगोत्री ऑक्सीजन प्लांट के वर्चुअल उद्घाटन कार्यक्रम में उद्योग मंत्री ने कहा कि सूबे में ऑक्सीजन की आपूर्ति में उद्योग विभाग दिनरात जुटा रहा। विभाग के प्रयास से पिछले डेढ़ महीने में 11 ऑक्सीजन प्लांट की जगह अब 23 प्लांट में उत्पादन और रिफिलिंग का काम हो रहा है। बिहटा स्थित गंगोत्री ऑक्सीजन प्लांट के लंबे समय के बाद शुरू होने से बिहार में पर्याप्त ऑक्सीजन उत्पादन और आपूर्ति सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी। 

शाहनवाज हुसैन ने कहा बिहार में ऑक्सीजन की कमी नहीं होने दी जाएगी। बियाडा की तरफ से हाजीपुर में प्रतिदिन 1500 सिलिंडर क्षमता का एक प्लांट शीघ्र शुरू होगा। इस प्लांट की खासियत यह होगी कि किसी भी राज्य से सस्ता ऑक्सीजन यहां भरा जा सकेगा। यहां मात्र 40 रुपए में जंबो ऑक्सीजन सिलिंडर भरा जाएगा।

स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने गंगोत्री ऑक्सीजन प्लांट के दोबारा शुरू होने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि उद्योग विभाग ने काफी कम समय में ऑक्सीजन उत्पादन और आपूर्ति की व्यवस्था सुदृढ़ की और अब भी इस दिशा में कई कदम उठाए जा रहे हैं। सांसद राम कृपाल यादव और एमएलसी नीरज कुमार ने भी अपने विचारों को रखा। 
 


संबंधित खबरें