पटना। उद्योग विभाग के निदेशक पंकज दीक्षित ने एलईडी बल्ब क्लस्टर का फाइनल डीपीआर 16 जून तक तैयार करने का निर्देश दिया है। उन्होंने तकनीकी सलाहकार को कड़ी हिदायत देते हुए कहा कि बल्ब क्लस्टर के विकास कार्य को लंबे समय तक पेंडिंग रखना ठीक नहीं है। इस वर्ष हर हाल में क्लस्टर शुरू करना है।
उद्योग निदेशक ने एलईडी बल्ब उद्योग क्लस्टर के विकास के लिए संघ के साथ आज बैठक की थी। संघ के अध्यक्ष रंजीत कुमार जायसवाल ने उद्योग के विकास में आ रही कई समस्याओं को बताया। ऑक्सीजन गैस के औद्योगिक उपयोग पर प्रतिबंध हट जाने से पटना सिटी के सभी बल्ब उद्योग अब सात जून से उत्पादन शुरू करेंगे। ऑक्सीजन की कमी के कारण 19 अप्रैल से ही इसके औद्योगिक उपयोग पर प्रतिबंध था।
अध्यक्ष ने बताया कि बल्ब उद्योग के उद्यमियों ने ऑक्सीजन गैस कीे किल्लत के समय अपने प्रतिष्ठान से ऑक्सीजन के भरे एवं खाली 150 सिलेंडरों को जरूरतमंद में निःशुल्क वितरित किया। संघ ऐसे उद्यमियों को सम्मानित करेगा।