नई दिल्ली। आयकर विभाग का नया ई-फाइलिंग पोर्टल www.incometax.gov.in सात जून को लांच होगा। नए पोर्टल का उद्देश्य करदाताओं को अधिक सुविधा उपलब्ध कराना है। करदाताओं के प्रश्नों का शीघ्र जवाब देने के लिए नया कॉल सेंटर भी बना है। एफएक्यू (प्रायः पूछे जाने वाले प्रश्न), उपयोग नियमावली, वीडियो एवं चैट बॉट की सुविधा भी दी गई है।
इस पोर्टल को आयकर रिटर्न (आईटीआर) की तत्काल प्रोसेसिंग सुविधा के साथ जोड़ा गया है। इससे करदाताओं को शीघ्र रिफंड मिलने में सुविधा होगी। सभी परस्पर संवाद (इंटरैक्शन) और लंबित मामले डैशबोर्ड पर रहेंगे, ताकि करदाता आगे की कार्यवाही कर सके।
शुरू में आईटीआर 1, 4 (ऑनलाइन एवं ऑफलाइन) और आईटीआर 2 (ऑफलाइन) को तैयार करने के लिए निःशुल्क साॅफ्टवेयर उपलब्ध रहेगा। आईटीआर 3, 5, 6, 7 तैयार करने की सुविधा भी शीघ्र उपलब्ध होगी।
नए पोर्टल में करदाता वेतन, आवास संपत्ति, व्यवसाय या पेशे सहित आय की कुछ विशेष जानकारी देने के लिए अपने प्रोफाइल को अपडेट कर सकेंगेे। इसका उपयोग उनके आईटीआर को पहले से ही भरने में किया जाएगा। टीडीएस और एसएफटी विवरण के अपलोड होने के बाद वेतन आय, ब्याज, लाभांश और पूंजीगत लाभ को पहले से भरने की विस्तृत क्षमता पोर्टल में उपलब्ध होगी। इसकी अंतिम तिथि 30 जून, 2021 है।
आयकर फॉर्म भरने, टैक्स प्रोफेशनल्स को जोड़ने, फेसलेस स्क्रूटनी या अपील में नोटिस के जवाब देने की सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। सीबीडीटी का कहना है कि नई कर भुगतान प्रणाली का शुभारंभ 18 जून, 2021 को अग्रिम कर की तारीख के बाद किया जाएगा। इससे किसी करदाता को असुविधा नहीं होगी।
पोर्टल की लांचिंग के बाद मोबाइल एप्प भी जारी होगा, ताकि करदाताओं को विभिन्न सुविधाओं से परिचित कराया जा सके। नई प्रणाली से परिचित होने में कुछ समय लग सकता है। इसलिए आयकर विभाग ने सभी करदाताओं से प्रारंभिक अवधि के लिए धैर्य रखने का अनुरोध किया है।