मुख्य समाचार

जरूरतमंदों को नवंबर तक मिलेगा मुफ्त अनाज : मोदी

पटना। पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं सांसद सुशील कुमार मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री की घोषणा के बाद जरूरतमंदों को अब नवंबर तक एक निश्चित मात्रा में अनाज मुफ्त मिलता रहेगा। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत बिहार के 8.61 करोड़ जरूरतमंदों को नवंबर तक 11,830 करोड़ रुपए का 31.15 लाख मीट्रिक टन अनाज मुफ्त मिलेगा। 

इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत पांच किलो खाद्यान्न भी उन्हें प्रति माह 13 रुपए में मिलता रहेगा, जबकि इसका लागत मूल्य 188.68 रुपए है। खाद्यान्न में प्रति व्यक्ति तीन किलो चावल एवं दो किलो गेहूं शामिल है। 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत देश के 80 करोड़ लोगों को मई से नवंबर तक के सात महीने में 90 हजार करोड़ का खाद्यान्न मुफ्त मिलेगा। कोरोना की दूसरी लहर को देखते हुए प्रधानमंत्री ने पहले मई और जून के लिए मुफ्त खाद्यान्न योजना की घोषणा की थी। अब उसे विस्तारित करते हुए दीपावली यानी नवंबर तक कर दिया गया है। पिछले साल भी कोरोना संक्रमण और लॉकडाउन के समय देश के जरूरतमंदों को मुफ्त अनाज दिया गया था। 
 


संबंधित खबरें