मुख्य समाचार

14 जून को आईएएस भवन में मेगा रक्तदान शिविर 

पटना। थैलीसीमिया बीमारी से पीड़ित नन्हें बच्चों के लिए आईएएस भवन, पटना में 14 जून को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया है। शिविर में एकत्रित रक्त को पीएमसीएच में बने थैलीसीमिया डे केयर सेंटर भेजा जाएगा। इस सेंटर में करीेब 1700 नन्हें बच्चों का पिछले एक साल में ब्लड ट्रांसफ्यूज किया गया है। 

थैलीसीमिया एक गंभीर बीमारी है। इससे पीड़ित बच्चों को जीवित रहने के लिए हर 15 दिन में रक्त की जरूरत होती है। विश्व रक्तदाता दिवस पर इस बार तीन ब्यूरोक्रेट्स संस्थान एवं वैष्णो देवी सेवा समिति ने एक साथ रक्तदान शिविर का आयोजन किया है। राज्य स्वास्थ्य समिति भी सहयोग कर रही है। 

आईएएस एसोसिएशन के सचिव दीपक कुमार सिंह ने बताया कि सभी रक्तदाताओं को पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से एक इनडोर पौधा दिया जाएगा। शिविर का उद्घाटन मुख्य सचिव त्रिपुरारी शरण एवं अध्यक्षता राज्य योजना पर्षद के उपाध्यक्ष जी.एस.कंग करेंगे। इस अवसर पर विकास आयुक्त आमिर सुबहानी एवं प्रधान मुख्य वन संरक्षक ए.एन.शरण भी मौजूद रहेंगे। 

राज्य सरकार ने थैलीसीमिया से पीड़ित बच्चों के उपचार एवं देखभाल के लिए 14 जून, 2020 को राज्य के पहले थैलीसीमिया डे केयर सेंटर की शुरुआत की थी। अब तक 1700 पीड़ित बच्चों का ब्लड ट्रांसफ्यूज किया गया है। उपचार के लिए निःशुल्क दवाएं भी उपलब्ध करायी जा रही हैं। 

इस साल तीन नन्हें बच्चों का सफल ऑपरेशन भी किया गया। इसके लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता दी गई। मुजफ्फरपुर, भागलपुर, पूर्णिया और गया जिलों में चार नए डे केअर सेंटर स्थापित करने की प्रक्रिया चल रही है। 
 


संबंधित खबरें