मुख्य समाचार

बच्चों की मदद के लिए 163 यूनिट रक्तदान 

पटना। आईएएस भवन में आयोजित रक्तदान शिविर में 163 यूनिट ब्लड का संग्रह किया गया। थैलीसीमिया बीमारी से पीड़ित नन्हें बच्चों की मदद के लिए 160 से अधिक रक्तदाताओं ने अपनी भूमिका निभाई। शिविर का आयोजन वैष्णो देवी सेवा समिति, आईएएस ऑफिसर्स एसोसिएशन, आईएएस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन एवं आईएफएस ऑफिसर्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। 

मुख्य सचिव त्रिपुरारी शरण ने शिविर का उद्घाटन करते हुए कहा कि थैलीसीमिया से पीड़ित नन्हें बच्चों के लिए और डे केयर सेंटर की व्यवस्था में सरकार पूरा सहयोग करेगी। उन्होंने मां वैष्णो देवी सेवा समिति की इस नेक कार्य के लिए प्रशंसा की। 

विकास आयुक्त आमिर सुबहानी ने कहा कि पूरे राज्य में ऐसे बच्चों को चिन्हित कर उन्हें इलाज के दायरे में लाने का पूरा प्रयास किया जाएगा। यदि जरूरत हुई, तो विशेष मुहिम भी चलाया जाएगा। पूर्व मुख्य सचिव सह राज्य योजना पर्षद के उपाध्यक्ष जी.एस.कंग ने भी अपने विचारों को रखा। 

पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के प्रधान सचिव सह आईएएस ऑफिसर्स एसोसिएशन के सचिव दीपक कुमार सिंह ने कहा कि कोविड महामारी के दौरान इस तरह के रक्तदान शिविर का आयोजन सफलतापूर्वक किया गया। महामारी की वजह से रक्त की कमी के कारण बच्चों पर असर पड़ रहा है। शिविर के माध्यम से मिले रक्त का इस्तेमाल पीएमसीएच के थैलीसीमिया डे केयर सेंटर में किया जाएगा। 

शिविर के दौरान अधिकारियों ने वीडियो के जरिए वेल्लोर में इलाज करा रहे तीन थैलीसीमिया पीड़ित बच्चों से बात भी की। इन बच्चों के उपचार की समीक्षा मुख्यमंत्री समय-समय पर करते हैं। 

शिविर में प्रधान मुख्य वन संरक्षक ए.एन.शरण, आईएएस ऑफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष विवेक सिंह, आईएएस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन की सचिव हरजोत कौर, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, राज्य स्वास्थ्य समिति के ईडी मनोज कुमार समेत कई गणमान्य मौजूद थे। 
 


संबंधित खबरें