पटना। बीज उत्पादक कंपनियों से कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा है कि बिहार में बीज का उत्पादन कीजिए और यहीं बेच दीजिए। इससे किसानों का यहां उत्पादित बीज पर विश्वास बढ़ेगा। बिक्री अच्छी होने से कंपनी को भी लाभ होगा। बीज का उत्पादन यहां की जलवायु के अनुसार होगा। यह किसानों के लिए फायदेमंद होगा।
कृषि मंत्री बीज, खाद एवं कीटनाशक कंपनियों के साथ आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बीज के मामले में विश्वसनीयता और समय पर उपलब्धता बहुत महत्वपूर्ण होता है। सरकार किसानों को इसकी गारंटी देने के लिए पूरा प्रयास करेगी। उन्होंने जैविक कीटनाशकों के उत्पादन पर जोर दिया। उर्वरक के आवंटन के अनुसार राज्य में इसकी आपूर्ति निर्धारित मूल्य पर करने का निर्देश कंपनियों को दिया गया।
कृषि विभाग के सचिव डाॅ एन. सरवण कुमार ने बीज उत्पादक कंपनियों से कहा कि यदि बिहार में ही बीज का उत्पादन होगा, तो सरकार उन्हें विशेष अनुदान देगी। उर्वरक कंपनियों के प्रतिनिधियों को निर्देश मिला कि निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बिक्री करने पर कार्रवाई होगी। सरकार की मंशा साफ है कि किसान से एक रुपए भी अधिक नहीं लेना है। किसी भी स्तर पर कंपनी को कोई परेशानी हो, तो वे मुख्यालय को जानकारी दें।