नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने आम चुनाव 2019 पर एक एटलस जारी किया है। 2019 में संपन्न 17 वां आम चुनाव सबसे बड़ा लोकतांत्रिक अभ्यास था। इसमें देश के 32 लाख वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैले 10.378 लाख मतदान केंद्रों पर 61.46 करोड़ मतदाताओं ने वोट डाले।
मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्र ने चुनाव आयुक्त राजीव कुमार और अनूप चंद्र पांडे के साथ मिलकर एटलस जारी किया। मुख्य चुनाव आयुक्त ने इस दस्तावेज को संकलित करने के लिए आयोग के अधिकारियों की सराहना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह शिक्षाविद और शोधकर्ताओं को भारतीय चुनावों के विशाल परिदृश्य को बेहतर तरीके से जानने के लिए प्रेरित करेगा।

एटलस में सभी डेटा और सांख्यिकीय आंकड़े शामिल हैं। इसमें 42 विषयगत नक्शे और 90 तालिकाएं हैं। ये चुनाव के विभिन्न पहलुओं को दर्शाती हैं। एटलस भारतीय चुनावों से जुड़े रोचक तथ्य, घटना और कानूनी प्रावधान भी साझा करता है।
1951-52 में हुए पहले आम चुनाव के बाद से आयोग चुनावी आंकड़ों को विवरणात्मक और सांख्यिकीय पुस्तकों के रूप में प्रकाशित करता रहा है। अक्टूबर 2019 में आयोग ने 543 संसदीय क्षेत्रों से उपलब्ध चुनावी आंकड़ों के आधार पर सांख्यिकीय रिपोर्ट जारी की। ई-एटलस से और भी जानकारी हासिल की जा सकती है।