मुख्य समाचार

582 बच्चों को दधीचि देहदान समिति देगी सहायता राशि 

पटना। दधीचि देहदान समिति कोरोना से निराश्रित हुए 582 बच्चों को अगले तीन साल तक प्रति माह पांच सौ-पांच सौ रूपए सहायता राशि देगी। अगले एक माह में एक हजार बच्चों को इस योजना में शामिल करने का लक्ष्य है। दधीचि देहदान समिति के संरक्षक सह सांसद सुशील कुमार मोदी ने यह जानकारी दी। इस मौके पर समिति के महासचिव पद्मश्री बिमल जैन एवं उपाध्यक्ष डॉ सुभाष प्रसाद भी मौजूद थे।

मोदी ने बताया कि दधीचि देहदान समिति देश की पहली ऐसी सामाजिक संस्था है जिसने निराश्रित बच्चों के भरण-पोषण के लिए सहायता की पहल की है। ऐसे बच्चे अभी राज्य या केंद्र सरकार की किसी सहायता योजना में शामिल नहीं हैं। अगर सरकार की कोई योजना शुरू भी होती है तब भी समिति अगले तीन साल तक मदद जारी रखेगी।

समिति की अपील पर 153 दानदाता सहायता के लिए आगे आए हैं। कोरोना की पहली और दूसरी लहर के दौरान बिहार में 9611 लोगों की मृत्यु हुई। माता-पिता या इन दोनों में से किसी एक की भी मृत्यु होने से 1624 बच्चे निराश्रित हुए हैं।

पिता की मृत्यु से निराश्रित होने वाले बच्चों की संख्या 1286 एवं माता की मृत्यु से निराश्रितों की संख्या 302 है। बिहार में 36 बच्चे ऐसे हैं जिनके माता-पिता दोनों की कोरोना से मृत्यु हो गई है। समिति ने निराश्रित बच्चों की सहायता के लिए मोबाइल एवं व्हाट्सएप नंबर 8084053399 जारी किया है। 
 


संबंधित खबरें