पटना। डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद ने वाणिज्य-कर एवं परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि राजस्व वृद्धि के लिए निर्धारित गाइडलाइन का पालन करें। इससे राजस्व लक्ष्य को पूरा करने में आसानी होगी। डिप्टी सीएम ने दोनों विभागों के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2020-21 में हुए राजस्व संग्रह एवं 2021-22 की कार्य योजना की समीक्षा की।
वाणिज्य-कर विभाग की सचिव सह राज्य कर आयुक्त डॉ प्रतिमा ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2021-22 में विभाग का वार्षिक लक्ष्य 30,550 करोड़ है। जून 2021 तक का लक्ष्य 5223.81 करोड़ रुपए निर्धारित है। इसके विरुद्ध जून 2021 तक 5690.48 करोड़ राजस्व संग्रह किया गया।
सचिव ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2020-21 में लक्ष्य के विरुद्ध 32,083.38 करोड़ रुपए का राजस्व संग्रह किया गया। यह राशि लक्ष्य का 105.02 प्रतिशत है। 2020-21 के अंतर्गत 16,539 डिफॉल्टर करदाताओं का जीएसटी निबंधन रद्द किया गया। जीएसटीआर-3बी रिटर्न फाइलिंग की समुचित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की गई। वन टाइम सेटलमेंट स्कीम के अंतर्गत वैट से संबंधित 42,746 मामलों का निपटारा किया गया।
परिवहन विभाग के अंतर्गत वर्तमान वित्तीय वर्ष में जून 2021 तक 534 करोड़ रुपए का राजस्व संग्रह किया गया है। यह विगत वर्ष की इस अवधि की तुलना में 88 प्रतिशत अधिक है। बैठक के दौरान वित्त विभाग के सचिव (व्यय) लोकेश कुमार सिंह, राज्य पथ परिवहन निगम की प्रशासक सीमा त्रिपाठी, विशेष सचिव अरुण मिश्र सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद थे।