भागलपुर। उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने असरगंज में गार्मेंट्स मैन्युफैक्चरिंग यूनिट भारती एग्जिम प्राइवेट लिमिटेड का उद्घाटन किया। यहां आधुनिक मशीनों से गार्मेंट्स मैन्युफैक्चरिंग के साथ ट्रेनिंग देने का भी काम होगा। इस मौके पर पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी भी मौजूद थे।
फैक्ट्री की शुरुआत 100 आधुनिक जूकी मशीनों से की गई है। यहां आधुनिक मशीनों से कपड़े की कटाई से लेकर सिलाई और पैकिंग की सुविधाएं हैं। इसमें स्थानीय महिलाओं को ट्रेनिंग दी जाएगी और उन्हें घर के पास ही रोजगार मिलेगा।
इस मौके पर उद्योग मंत्री ने कहा कि पूरी कोशिश है कि बिहारवासियों का वर्क फ्रॉम होम का सपना पूरा हो। इस फैक्ट्री के जरिए आसपास की महिलाएं वर्क फ्रॉम होम कर रही हैं। सिलाई सीख भी रही हैं और काम कर रोजगार भी पा रही हैं।
उन्होंने कहा कि बिहार को लेकर छोटे-बड़े सभी कारोबारियों का रुझान बदल चुका है। बिहार उनकी पसंदीदा जगह बनती जा रही है। बिहार में पिछले छह महीने में इथेनॉल एवं अन्य उद्योगों की स्थापना के लिए करीब 34 हजार करोड़ के निवेश के प्रस्ताव आए हैं। छोटे से लेकर बड़े कारोबारियों तक को बिहार में अपार संभावनाएं दिख रही हैं। इसी का परिणाम है कि इस वक्त बिहार में नए उद्योग खुल रहे हैं।