पटना। महिलाओं के कौशल विकास के लिए दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (बीआईए) ने किया है। बीआईए की वूमेन एम्पावरमेंट सब कमिटी ने सूर्य मोहिनी ट्रस्ट के साथ मिल कर महिला प्रतिभागियों के लिए प्रशिक्षण की व्यवस्था की है। प्रशिक्षण का संचालन सेलको फाउंडेशन के विशेषज्ञों ने किया है।

कार्यशाला में सौर ऊर्जा आधारित घरेलू उपयोग के उपकरणों के लगाने, रखरखाव एवं मरम्मत का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। ट्रस्ट की संचालिका संध्या सिन्हा ने बताया कि वर्तमान में सौर ऊर्जा का इस्तेमाल बढ़ रहा है। आने वाले समय में सौर ऊर्जा की उपयोगिता और अधिक होगी। सरकार भी इसे प्रोत्साहित कर रही है। ऐसी स्थिति में सौर ऊर्जा के उपयोग में आने वाले उपकरणों के रखरखाव एवं मरम्मत के लिए प्रशिक्षित लोगों की मांग भी बढ़ेगी।