पटना। जापान की राजधानी टोक्यो में खेलों का महाकुंभ ओलंपिक शुरू हो चुका है। जिस समय ओलंपिक खेल का उद्घाटन समारोह चल रहा था, उसी समय सीआरपीएफ, बिहार सेक्टर के आईजी हेमंत प्रियदर्शी ने चीयर फाॅर इंडिया कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इसका आयोजन सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने किया। 23 जुलाई से शुरू हुए ओलंपिक का समापन आठ अगस्त को होगा।
आईजी हेमंत प्रियदर्शी ने कहा कि कठिन परिस्थिति में ओलंपिक 2020 का आयोजन हो रहा है। हमारा विश्वास है कि टीम इंडिया बेहतर प्रदर्शन करेगी। इस बार ओलंपिक में भारत की ओर से खिलाड़ियों का सबसे बड़ा दल हिस्सा ले रहा है। इस वजह से समस्त देशवासियों को सर्वाधिक पदक की उम्मीद है।
चीयर फाॅर इंडिया कार्यक्रम के दौरान डीआईजी एस.एम. हसनैन, अन्य अधिकारी एवं जवानों ने हाथों में तिरंगा लेकर खिलाड़ियों के उत्कृष्ठ प्रदर्शन की शुभकामनाएं दी। इस मौके पर सूचना और प्रसारण मंत्रालय के अधिकारी और सहयोगी भी मौजूद थे।