नई दिल्ली/पटना। टोक्यो ओलंपिक की बैडमिंटन प्रतियोगिता में भारतीय महिला खिलाड़ी पीवी सिंधु को कांस्य (ब्राॅन्ज) पदक मिला है। 26 वर्षीया पीवी सिंधु तेलंगाना से हैं। टोक्यो ओलंपिक में इससे पहले मणिपुर की साइखोम मीराबाई चानू ने भारोत्तोलन (वेटलिफ्टिंग) में सिल्वर मेडल हासिल किया है।

पीवी सिंधु की जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद मोदी एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने ट्वीट के जरिए कहा कि हम सभी पीवी सिंधु के शानदार प्रदर्शन से उत्साहित हैं। टोक्यो ओलंपिक 2020 में कांस्य पदक जीतने पर उनको बधाई। वह भारत का गौरव हैं और हमारे सबसे बेहतरीन ओलंपिक खिलाड़ियों में से एक हैं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि पीवी सिंधु ने ओलंपिक खेलों में लगातार दूसरी बाद पदक जीतकर एक कीर्तिमान स्थापित किया है। इस पर हर भारतीय गौरवान्वित है। वह प्रगति के शीर्ष पर पहुंचे और भारत का नाम रौशन करती रहें। ऐसी मेरी कामना है।