नई दिल्ली/पटना। टोक्यो ओलंपिक की मुक्केबाजी प्रतियोगिता में असम की महिला खिलाड़ी लवलीना बोरगोहेन को कांस्य (ब्राॅन्ज)) पदक मिला है। इस तरह भारत को अब तक दो कांस्य एवं एक रजत (सिल्वर) पदक हासिल हुआ है। लवलीना से पहले बैडमिंटन में पीवी सिंधु को कांस्य एवं साइखोम मीराबाई चानू को वेटलिफ्टिंग में सिल्वर मेडल मिला है।
लवलीना बोरगोहेन की जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा है कि बहुत ही अच्छा संघर्ष @ लवलीना बोरगोहेन ! बॉक्सिंग रिंग में उनकी सफलता कई भारतीयों को प्रेरित करती है। उनकी दृढ़ता और संकल्प प्रशंसनीय है। कांस्य पदक जीतने पर उनको बधाई। भविष्य में उनके प्रयासों के लिए हार्दिक शुभकामनाएं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि भारत की बेटी लवलीना बोरगोहेन ने ओलंपिक खेलों में कांस्य पदक जीतकर मुक्केबाजी के इतिहास में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इसपर हर भारतीय गौरवान्वित है। लवलीना बोरगोहेन प्रगति के शीर्ष पर पहुंचे और भारत का नाम रोशन करती रहे। ऐसी मेरी कामना है।