पटना। जिला प्रशासन ने मनेर से मोकामा तक के 14 दियारा को बाढ़ग्रस्त क्षेत्र घोषित किया है। इन दियारा क्षेत्रों में 30147 परिवार हैं और आबादी 1.25 लाख है। डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह ने बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए राहत शिविर एवं आवश्यक व्यवस्था करने का निर्देश संबंधित एसडीओ एवं सीओ का दिया है।
फिलहाल बाढ़ अनुमंडल में 12, दानापुर अनुमंडल में चार एवं पटना सदर अनुमंडल में दो राहत शिविर हैं। राहत शिविर में चिकित्सा, पेयजल, भोजन एवं शौचालय की व्यवस्था करने का सख्त निर्देश है। शिविर में कोरोना जांच एवं टीकाकरण के लिए सिविल सर्जन को निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने पटना सदर एवं बाढ़ अनुमंडल के दियारा क्षेत्र के लोगों के लिए सामुदायिक कीचेन की व्यवस्था की है। इसके तहत पटना सदर के गोसाईं टोला और बिंद टोली एवं अथमलगोला में सामुदायिक किचन की व्यवस्था की गई है।
जिला बाढ़ नियंत्रण कक्ष का टेलीफोन नंबर 0612-2010118 है। इस नंबर पर दियारा क्षेत्र के लोग बीमारी, दवा एवं पशु सहित कई समस्याओं की जानकारी दे सकते हैं। रिकॉर्ड के अनुसार संबंधित विभाग के माध्यम से समस्याओं का समाधान किया जाएगा।