मुख्य समाचार

इथेनॉल उद्योग की परेशानी दूर करने के लिए पेट्रोलियम मंत्री से मिले शाहनवाज 

पटना/नई दिल्ली। बिहार में इथेनॉल उद्योगों की स्थापना में आ रही दिक्कतों को दूर करने के लिए उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी से दिल्ली में मुलाकात की। उद्योग मंत्री ने पेट्रोलियम मंत्री से आग्रह किया कि मंत्रालय के निर्देशन में बिहार में उत्पादित इथेनॉल की सौ प्रतिशत बायबैक होनी चाहिए। इसकी गारंटी के लिए तेल विपणन कंपनी, बैंक और इथेनॉल यूनिट के बीच करार हो। इससे बिहार में इथेनॉल उद्योगों की स्थापना के लिए इच्छुक यूनिट को बैंक से लोन मिल सकेगा।

पेट्रोलियम मंत्री को उद्योग मंत्री ने बताया कि काफी कम समय में बिहार में इथेनॉल उत्पादन के लिए 30,382.15 करोड़ के निवेश प्रस्ताव आए हैं। इस पर उद्योग विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए निवेशकों को प्रस्ताव की स्वीकृति का प्रमाणपत्र भी दे दिया है। 

त्रिपक्षीय करार नहीं होने के कारण लोन देने में बैंक उदासीनता बरत रहे हैं। शाहनवाज हुसैन ने कहा कि अगर तेल विपणन कंपनी, बैंक और इथेनॉल यूनिट के बीच सात साल के लिए सौ प्रतिशत बायबैक का करार होता है, तो बिहार में इथेनॉल उद्योग की स्थापना तेजी से हो सकेगी।

केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि इथेनॉल उद्योगों की स्थापना की दिशा में बिहार ने शानदार काम किया है। इस उद्योग को बढ़ावा देने के लिए जितनी भी मदद की जरूरत होगी, पेट्रोलियम मंत्रालय उसके लिए तैयार है।

उद्योग मंत्री ने इथेनॉल खरीद का कोटा भी बिहार को अधिक देने की मांग की है। इथेनॉल उत्पादन के लिए जरूरी कच्चे माल की उपलब्धता अन्य पड़ोसी राज्यों की तुलना में बिहार में अधिक है। इसलिए अगर बिहार को अधिक कोटा मिलेगा, तो केंद्र सरकार के बॉयोफ्यूल मिशन को बढ़ावा देने के लक्ष्य को हासिल करने में आसानी होगी और बिहार को भी लाभ होगा।
 


संबंधित खबरें