मुख्य समाचार

सिलाई-कटाई के 43 प्रशिक्षण केंद्र खुलेंगे,पटना से हुई शुरुआत 

पटना। गांधी मैदान के समीप स्थित खादी मॉल परिसर में सिलाई-कटाई प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने किया। 25 महिलाओं एवं बच्चियों को तीन माह का प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार के लायक बनाया जाएगा। पूरे राज्य में ऐसे 43 प्रशिक्षण केंद्र खुलेंगे, जिनमें खादी एवं रेशमी सूत कताई और खादी बुनाई समेत अन्य प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जाएंगे। 

उद्योग मंत्री ने बताया कि राज्य में छोटे-बड़े उद्योगों को बढ़ावा देने के साथ खादी एवं हैंडलूम जैसे पारंपरिक उद्योगों को भी बढ़ावा देना है। बिहार राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के प्रशिक्षण केंद्रों में हमारी प्राथमिकता होगी कि ऐसी महिलाओं या बच्चियों को मौका मिले, जिनके पति या पिता कोरोना की वजह से अब इस दुनिया में नहीं हैं। इन्हें प्रशिक्षण देकर रोजगार के लायक बनाने की पूरी कोशिश होगी।

उन्होंने बताया कि खादी एवं हैंडलूम क्षेत्र में आने वाले दिनों में प्रशिक्षित कामगारों की काफी जरूरत होगी। राज्य सरकार पटना के तर्ज पर भागलपुर, गया, मुजफ्फरपुर एवं अन्य शहरों में खादी मॉल खोलने की तैयारी में है। जब नए खादी मॉल खुलेंगे, तो उनमें बहुत सी संभावनाएं तैयार होंगी। 

वित्तीय वर्ष 2021-22 में बिहार राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड को प्रशिक्षण मद में 1.25 करोड़ रुपए प्राप्त हुआ है। खादी के उत्कृष्ट वस्त्र एवं ग्रामोद्योगों के प्रचार-प्रसार के लिए राष्ट्रीय एवं राज्यस्तरीय खादी मेला एवं प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम के लिए खादी बोर्ड को एक करोड़ राशि मिली है।
 


संबंधित खबरें