मुख्य समाचार

कोविड चुनौती के बावजूद रिकॉर्ड राजस्व वसूली : डिप्टी सीएम 

पटना। डिप्टी सीएम सह वाणिज्य-कर मंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि कोरोना की वैश्विक चुनौती के बावजूद विभाग ने राजस्व वसूली में बेहतर प्रदर्शन किया है। चालू वर्ष के अप्रैल 2021 से जुलाई 2021 तक 11701.77 करोड़ रुपए की राजस्व वसूली हुई है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 91.41 प्रतिशत अधिक है। पिछले वर्ष अप्रैल, 2020 से जुलाई, 2020 तक 6113.59 करोड़ रुपए की राजस्व वसूली हुई थी। 

वाणिज्य-कर विभाग की समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि कोरोना की चुनौती के बावजूद उद्योग एवं व्यापार से जुड़े व्यवसायियों के सकारात्मक सहयोग और पदाधिकारियों की मेहनत से राजस्व वसूली में रिकॉर्ड वृद्धि हुई है। विभाग की ओर से इसी तरह राजस्व संग्रहण के लिए लगातार प्रयास की जरूरत है। जीएसटी के तहत टैक्स चोरी करने वाले एवं गलत करदाताओं पर बड़ी कार्रवाई की गई है। 

डिप्टी सीएम ने कहा कि कर-वंचना रोकने के लिए विभाग के अन्वेषण ब्यूरो को और मजबूत करने की जरूरत है। विभाग के सचिव को निर्देश दिया गया कि क्षेत्रीय कार्यालयों में आधारभूत संरचना विकसित करने के लिए विस्तृत कार्य योजना बनाएं।  

जीएसटी के नए एक्ट से विभागीय पदाधिकारी एवं करदाताओं को अवगत कराने के लिए विभाग की प्रशिक्षण शाखा को सुदृढ़ करने एवं करदाताओं से सीधे संवाद के लिए प्रत्येक तीन माह पर बैठक करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि एकमुश्त कर समाधान योजना की जानकारी अधिक-से-अधिक करदाताओं तक पहुंचाएं।  

वाणिज्य-कर विभाग की आयुक्त सह सचिव डॉ प्रतिमा ने राजस्व संग्रह की स्थिति एवं वसूली में वृद्धि के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। सचिव ने बताया कि कर वंचना मामले में इस वित्तीय वर्ष में लगभग 120 करदाताओं पर कार्रवाई की गई है। लगभग 3000 करोड़ का लेन-देन मात्र कागज पर किया गया है। इनके विरुद्ध प्रावधान के अनुसार कड़ी कार्रवाई की गई है।

बैठक में वाणिज्य-कर विभाग के विशेष सचिव अरुण कुमार मिश्रा, विशेष आयुक्त एस.एन. झा, रविशंकर पाल एवं अपर आयुक्त रवि रंजन सहाय मौजूद थे। क्षेत्रीय एवं अंचल कार्यालयों के प्रभारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित थे। 
 


संबंधित खबरें