पटना। जाति आधारित जनगणना के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल 23 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलेगा। प्रतिनिधिमंडल में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी हैं। जदयू और आरजेडी बिहार में जातीय जनगणना कराना चाहती है। इस संदर्भ में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को पत्र लिख मिलने का समय मांगा था।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि 23 अगस्त को दिन में 11 बजे प्रधानमंत्री से मिलने का समय मिला है। भाजपा की तरफ से भी नाम तय हो रहा है। अंतिम रूप से जो सूची बनेगी, उसे प्रधानमंत्री कार्यालय भेज दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मॉनसून सत्र के दौरान तेजस्वी यादव के साथ विपक्ष के कई नेताओं ने मुझसे मुलाकात की थी। उनलोगों ने जातीय जनगणना कराने का प्रस्ताव रखा था। हमने भी कहा था कि जातीय जनगणना होनी चाहिए। इसके बाद प्रधानमंत्री को पत्र भेजा गया और उनसे मिलने का समय मांगा गया।