मुख्य समाचार

पेप्सी कंपनी को मिला निर्देश, समय पर पूरा करें बॉटलिंग प्लांट का काम

बेगूसराय : बेगूसराय औद्योगिक क्षेत्र में बन रहे पेप्सी बॉटलिंग प्लांट का काम समय पर पूरा करने का निर्देश उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने दिया है। उन्होंने कंपनी के अधिकारियों से कहा कि निर्माण का काम लक्ष्य के मुताबिक 2021 के अंत तक पूरा कर लें। साथ ही प्रोडक्शन भी तय समय पर शुरू कर दें। 

बेगूसराय में बियाडा के इंडस्ट्रियल ग्रोथ सेंटर का दौरा करने के बाद उद्योग मंत्री ने बताया कि मार्च, 2021 में पेप्सी कंपनी को 51 एकड़ जमीन दी गई है। एक साल से भी कम समय में यूनिट तैयार हो जाएगी और इस साल के अंत तक प्रोडक्शन भी शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि जो लोग बिहार में औद्योगिकीकरण को असंभव मान रहे हैं। बेगूसराय में पेप्सी बॉटलिंग प्लांट की प्रगति उनके लिए आंखें खोलने वाली है।

उद्योग मंत्री ने बेगूसराय के नए और पुराने औद्योगिक क्षेत्रों का दौरा किया। साथ ही जिले में उद्योगों को नया विस्तार देने के मकसद से कई कार्यक्रमों में शिरकत की। जिले के छोटे-बड़े उद्योगपतियों से संवाद एवं समाहरणालय में बैठक कर जिले में उद्योग की सभी योजनाओं की समीक्षा भी की।

पुराने औद्योगिक क्षेत्र स्थित महावीर इंडस्ट्री एवं कृष्णा राइस मिल का भी उन्होंने निरीक्षण किया। राज्य सरकार की औद्योगिक नीति से प्रोत्साहन प्राप्त इस इकाई में प्रतिदिन 100 टन उसना चावल तैयार होता है। 

उद्योग मंत्री ने कहा कि बेगूसराय में इलेक्ट्रॉनिक सिटी के लिए 200 एकड़ जमीन सुरक्षित है। ज़मीन की उपलब्धता को देखते हुए बेगूसराय में कई उद्योगों के लिए गुंजाइश है। बेगूसराय में फिलहाल 2707.47 करोड़ के निवेश प्रस्ताव एसआईपीबी से स्वीकृत हैं। इससे आने वाले दिनों में बेगूसराय के उद्योगों की चमक और बढ़ेगी।  
 


संबंधित खबरें