मुख्य समाचार

सहकार से समृद्धि के विजन को पूरा करेगी सरकार : डिप्टी सीएम

पटना। डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि सहकारिता आधारित आर्थिक विकास का मॉडल देश के लिए जरूरी है। सहकार से समृद्धि के विजन को सरकार पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य के विकास में लघु एवं सीमांत किसानों की बड़ी भूमिका होती है। केंद्र और बिहार सरकार ने इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।

डिप्टी सीएम बिहार राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड (बिहार स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड) की 72 वीं वार्षिक आमसभा के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने सहकारी समितियों के लिए ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को आसान बनाने एवं मल्टी स्टेट को-ऑपरेटिव विकास की दिशा में बेहतर कदम उठाए हैं। इसके लिए अलग से सहयोग मंत्रालय का गठन किया है। 

इसी तरह बिहार सरकार को-ऑपरेटिव गतिविधियों के व्यवस्थित संचालन के लिए प्रत्येक जिले में सहकार भवन की स्थापना कर रही है। कई जिलों में भवनों के निर्माण हुए हैं। इससे एक छत के नीचे सहकारी समितियों के कार्य होंगे। 

राज्य सरकार ने फल एवं सब्जियों के समुचित भंडारण की सुविधा एवं उत्पादकों को लाभकारी मूल्य दिलाने के लिए बिहार राज्य सब्जी प्रसंस्करण एवं विपणन योजना लागू की है। समेकित सहकारी विकास योजना के तहत पैक्स और व्यापार मंडल के सुदृढ़ीकरण के प्रयास किए गए हैं।

डिप्टी सीएम ने कहा कि सहकारी बैंक आमतौर पर अपने सदस्यों को बैंकिंग और वित्तीय सेवाएं प्रदान करते हैं। सहकारी बैंक संगठन, उद्देश्य, मूल्य और शासन के आधार पर वाणिज्यिक बैंकों से भिन्न हैं। बिहार स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक एवं सहकारिता विभाग नई सोच के साथ काम कर रहे हैं। 

समारोह में इनकी रही उपस्थिति : सहकारिता मंत्री सुबास सिंह, सहकारिता विभाग की सचिव वंदना प्रेयसी, निबंधक सहयोग समितियां राजेश मीणा, बिहार राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड के अध्यक्ष रमेश चंद्र चौबे, एमएलसी डॉ सुनील कुमार सिंह, विभिन्न सहकारिता बैंकों के अध्यक्ष एवं प्रतिनिधि उपस्थित थे।
 


संबंधित खबरें