पटना। पाटलिपुत्र के सांसद रामकृपाल यादव ने बिहटा औद्योगिक क्षेत्र में आईटी उद्योग के लिए बड़ी संभावनाओं की बात कही है। उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन के साथ उद्योग भवन में बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि बिहार में औद्योगिक माहौल बन रहा है।
इसका लाभ उठाते हुए बिहटा में अन्य उद्योगों के साथ आईटी इंडस्ट्री को भी बढ़ावा देने की कोशिश होनी चाहिए। सांसद ने कहा कि पिछले नौ महीनों में बिहार में 34 हजार करोड़ से अधिक का निवेश प्रस्ताव आया है। यह बड़ी उपलब्धि है।
बैठक के बाद उद्योग मंत्री ने कहा कि सांसद के अनुरोध पर बिहटा में सूचना प्रोद्यौगिकी क्षेत्र में नए उद्योगों की सभावनाओं पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। बिहार के मेधावी छात्र दुनिया की बड़ी आईटी कंपनियों में अपना योगदान दे रहे हैं। आने वाले दिनों में बिहार की मेधा को अवसर देने के लिए बिहार में उद्योगों की कमी नहीं रहेगी।
सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि बिहार के सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र बिहटा में मेगा औद्योगिक पार्क, बिहटा औद्योगिक क्षेत्र और सिकंदरपुर औद्योगिक क्षेत्र का तेजी से विकास हो रहा है। कई यूनिट यहां लगने वाली है। बैठक में उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव ब्रजेश मेहरोत्रा, बियाडा के अधिकारी एवं एमएलसी गुलाम गौस भी मौजूद थे।